टेलीविजन पर दिखाए जाने वाले एक खतरनाक स्टंट शो की नकल करते समय गांव नांगल कलां में 11वीं के एक छात्र की जान चली गई।
घटना के समय वह शीशे के सामने खड़ा होकर एक रस्सी से स्टंट कर रहा था। इस दौरान गले में रस्सी का फंदा कस गया। किशोर की मौत से परिवार में हाहाकार मच गया।
बाद में परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव नांगल कलां निवासी राहुल तुषीर (16) शहर के साउथ प्वाइंट स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। स्कूल से घर जाने के बाद वह बुधवार को अपने घर पर टीवी देख रहा था।
टीवी पर खतरनाक स्टंट शो चल रहा था। इसको देख कर वह घर में रखी प्लास्टिक की रस्सी ले आया और शो की नकल कर स्टंट करने लगा।
आरंभ में तो परिजनों ने इस पर टोकाटाकी की, लेकिन बाद में परिजन काम में लग गए। तुषीर आइने के सामने खड़ा हो गया और टीवी में चल रहे स्टंट की नकल करने लगा।
इसी दौरान जिस रस्सी से वह स्टंट कर रहा था वह उसके गले में कस गई और उसकी जान चली गई। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में गए तो राहुल की मौत हो चुकी थी।
राज्य स्तर का था खिलाड़ी
राहुल स्कूल खेलों में फुटबाल और तैराकी का शौकीन था। वह स्टेट लेवल पर कई बार फुटबाल और तैराकी में पदक जीत चुका था। उसके सहपाठियों की मानें तो तुषीर में हर समय कुछ न कुछ नया करने की ललक रहती थी। तैराकी में भी वह नए करतब दिखाता था। राज्य स्तर के खिलाड़ी की मोत से स्कूल स्टाफ और उसके साथी खिलाड़ियों को भी धक्का लगा है।