खरखौदा। सांपला मार्ग पर वार्ड नंबर 7 निवासी 25 वर्षीय युवक अपने कमरे में संदिग्ध हालत में मृत मिला है। सूचना पाकर पहुंची खरखौदा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। बुधवार को मृतक यशपाल के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
सांपला मार्ग पर वार्ड सात में यशपाल अपने परिवार के साथ रहते थे। यशपाल का परिवार दीपालपुर गांव का रहने वाला है जो फिलहाल खरखौदा में रह रहे हैं। मंगलवार की दोपहर यशपाल अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, यशपाल का शव उसके कमरे में बेड पर पड़ा था। परिजनों ने बताया कि यशपाल शादीशुदा थे और उनका एक बच्चा भी है। उसकी पत्नी मायके गई है। पुलिस ने फिलहाल शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजन की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं दी गई है।