सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में सरकार की ओर से छूट देने के बावजूद आखिरी दिन वीरवार को 91 लाख रुपये गृह कर के रूप में जमा हो सके। गृह कर जमा कराने को नागरिक सुविधा केंद्र में दो काउंटर खोले गए। जहां पर सुबह से शाम तक गृह कर जमा कराने वालों की भीड़ लगी रही। नगर निगम की ओर से 25 करोड़ रुपये गृह कर वसूलने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि नगर निगम करीब 14.50 करोड़ रुपये कर वसूल पाया है।
क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र सिंह चुघ ने बताया कि 31 मार्च तक 100 फीसदी ब्याज छूट के साथ गृहकर जमा कराने के लिए 18 जनवरी को प्रदेश सरकार की ओर से मौका दिया गया था। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2021-22 में 25 करोड़ रुपये का गृह कर वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके बावजूद अभी तक नगर निगम के खाते में 14.50 करोड़ रुपये गृह कर जमा हो सका। 31 मार्च नजदीक आने के बाद गृह कर जमा कराने के लिए निगम कार्यालय में कई दिन से लोगों की भीड़ जुट रही थी। बुधवार को भी 16.50 लाख रुपये गृह कर के रूप में जमा हुए थे। वीरवार को आखिरी दिन छूट के साथ गृह कर जमा कराने का मौका था। वीरवार को निगम कार्यालय में लोगों की लंबी लाइन लगी रही और देर शाम तक 91 लाख रुपये गृह कर जमा कराया गया। निगम के अधिकारियों का कहना है कि गृह कर नहीं देने वालों की प्रॉपर्टी सील करने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से शुक्रवार से प्रति माह 1.5 प्रतिशत ब्याज की दर से बकाया गृहकर वसूला जाएगा।