स्टीकर पुलिस की आंख में धूल झोंक निकलने के लिए लगाया था। सिक्का कॉलोनी चौकी पुलिस ने आरोपियों को 32 पेटी अवैध शराब के साथ दबोचा। आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। कार निजी फर्म के नाम है।
हरियाणा के सोनीपत में दिल्ली के दो शराब तस्कर कार पर गवर्नमेंट ऑफ इंडिया (भारत सरकार) का स्टीकर लगाकर शराब की तस्करी करते पकड़े गए। दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए भारत सरकार का स्टीकर लगाकर शराब तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 32 पेटी शराब शराब बरामद की है। दोनों आरोपियों पर तस्करी के साथ ही भारत सरकार का स्टीकर लगा उसका दुरुपयोग करने का भी मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
विज्ञापन
शनिवार रात को नाइट डोमिनेशन के दौरान सिक्का कॉलोनी चौकी पुलिस बहालगढ़ रोड पर विवेकानंद चौक के निकट नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच दिल्ली नंबर की कार आती दिखाई दी। कार पर गवर्नमेंट ऑफ इंडिया (भारत सरकार) का स्टीकर लगा था। पुलिस को देखकर सवारों ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
पुलिस ने कार को चेक किया तो उसमें 32 पेटी शराब बरामद हुई। कार में दो युवक सवार थे और वह शराब का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। युवकों ने अपनी पहचान दिल्ली के नांगलोई निवासी मनीष और मोहित के रूप में दी। पुलिस ने गाड़ी के अंदर से 14 पेटी अंग्रेजी और 18 पेटी देसी शराब बरामद की। दोनों आरोपी शराब को सोनीपत से दिल्ली लेकर जा रहे थे।
विज्ञापन
गाड़ी पर गवर्नमेंट ऑफ इंडिया का स्टीकर लगाने को लेकर उनके पास कोई कागजात नहीं मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि कार को उन्होंने दिल्ली की फर्म से खरीदा था। कार अभी भी उनके ही नाम पर है। वह शराब तस्करी के लिए स्टीकर लगी कार का प्रयोग कर रहे थे।
उनके खिलाफ शराब तस्करी के साथ ही भादंसं की धारा 170 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे पता लगाया जाएगा कि वह कब से तस्करी कर रहे थे। साथ ही स्टीकर कहां पर बनवाया था।
फर्म की जांच के लिए दिल्ली जाएगी पुलिस
पुलिस टीम अब फर्म की जांच को लेकर दिल्ली जाएगी, जिससे कार खरीदने को लेकर युवकों ने जानकारी दी है। पुलिस वहां जाकर कार बेचने से लेकर अन्य जानकारियां जुटाएगी।
नाइट डोमिनेशन के दौरान विवेकानंद चौक से कार को रोककर तलाशी में 32 पेटी शराब बरामद की है, जो अवैध रूप से बिक्री के लिए लेकर जा रहे थे। कार पर भारत सरकार का स्टीकर लगा हुआ था। आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। - बलवंत सिंह, चौकी प्रभारी, सिक्का कॉलोनी, सोनीपत