हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे में एक महिला के खाते से साइबर ठग ने 45 हजार रुपये निकाल लिए। आरोप है कि उससे खाते की जानकारी लेने के बाद पांच बार में राशि निकाली। इसको लेकर महिला ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने वेतन का खाता गोहाना के एक बैंक में खुलवा रखा है। इस खाते में उसका केवल वेतन ही आता था, जिसको लेकर उसने एटीएम कार्ड भी नहीं बनवाया था। आरोप है कि 29 नवंबर, 2021 को उसके खाते में विभाग की तरफ से वेतन के रुपये डाले गए।
उसी दिन एक अनजान नंबर से उसके पास कॉल आई। फोन पर बात करने वाले आरोपी ने बहाने से उसके खाते की जानकारी ली। इसके बाद उसके खाते से पहली बार में 10 हजार रुपये, इसके बाद 5000, 10 हजार, 10 हजार व फिर 10 हजार रुपये निकाले।
विज्ञापन
महिला का कहना है कि उसके पास बैंक की तरफ से खाता की कॉपी काे छोड़कर कोई दस्तावेज नहीं दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने उसके खाते से रुपये निकाले। इस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।