ककरोई चौक के पास स्थित हनुमान मंदिर में घुसकर चोर दानपात्र से नकदी उड़ा ले गए। मंदिर के पुजारी ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ककरोई चौक स्थित पांच मंजिला हनुमान मंदिर में घुसकर चोर रात को दान पात्र से नकदी चोरी कर लिए। सुबह पुजारी उमाशंकर ने जब दान पात्र टूटा देखा तो मामले से पुलिस को अवगत कराया। सिटी थाना की सेक्टर-23 चौकी पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की मदद ले रही है। पुजारी उमाशंकर ने बताया कि दान पात्र में कितनी नकदी थी, इसका पता नहीं लग सका है। हालांकि उन्होंने बताया कि इसमें हजारों रुपये हो सकते हैं। वारदात जिस स्थान पर हुई, वह सदर थाना से महज चंद कदम की दूरी पर है। इससे पहले ही यहां पर पुलिस का नाका भी लगता है। इसके बावजूद चोर वारदात कर निकलने में कामयाब हो गए। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में रोष है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।