हरियाणा रोडवेज की बस से सोनीपत से खरखौदा आई मां-बेटी के साथ खरखौदा बस स्टैंड में एक युवक ने पहले बेटी पर फब्तियां कसीं, मां ने रोका तो उसके गले की चेन छीनकर सरेआम दो थप्पड़ मार आरोपी फरार हो गया।
यह वाकया शुक्रवार को करीब दोपहर दो बजे का है। बस स्टैंड में उसी बस से उतरे यात्री और पहले से बसों का इंतजार कर रहे यात्री तमाशबीन बने देखते रहे। कसी ने भी आरोपी को पकड़ने की कोशिश नहीं की। पीड़िता मां ने मामले की शिकायत 100 नंबर पर पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपनी विवाहिता बेटी के साथ अपने एक रिश्तेदार के यहां चौलका गांव में आ रही थी। जैसे ही वे खरखौदा बस स्टैंड में हरियाणा रोडवेज की बस से पहुंचे तो पहले बेटी बस स्टैंड पर उतरी, जबकि मां 10 कदम दूर दोबारा बस रुकने पर उतरी। वहीं, पर तीन युवक बैठे हुए थे, जिनमें से एक युवक बेटी के पास आया और फब्तियां कसने लगा। उसने उसका जवाब दिया तो इनते में उसकी मां भी वहां पर सामान के साथ पहुंच गई। मां ने युवक को टोका तो युवक ने उसके गले से अचानक सोने की डेढ़ तोले की चेन गले पर झपटा मारकर छीन ली और इसी दौरान आरोपी युवक ने महिला का ध्यान बंटाने के लिए दो थप्पड़ भी मार दिए और मौका पाकर भाग गए।
मां ने खरखौदा तहसील तक आरोपी युवक का पीछा किया और राहगीरों से आरोपी को पकड़ने के लिए मदद मांगी, लेकिन किसी ने महिला की मदद नहीं की। बस स्टैंड पर उपस्थिति यात्री इस पूरे मामले में तमाशबीन बने रहे। मां बेटी ने इस वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम 100 नंबर व खरखौदा पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला के बयान लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।