साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी व जानकारी देते एएसपी खरखौदा मयंक गुप्ता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत के गांव खांडा निवासी किसान को इफको फर्टिलाइजर की डीलरशिप देने का झांसा देकर 15.90 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार के जिला नवादा के गांव बिजवन निवासी आर्यन राज उर्फ बिक्रम, गांव मरवही टोला निवासी प्रिंस राज उर्फ संटू कुमार व जिला शेखपुरा के गांव सुमका निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर 6.14 लाख रुपये व पांच मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश कर नौ दिन के रिमांड पर लिया है।
एएसपी खरखौदा मयंक गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गांव खांडा निवासी सुनील कुमार ने 19 अक्तूबर को साइबर थाना में धोखाधड़ी से नकदी ऐंठने की शिकायत दी थी। सुनील ने बताया था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था। जिसमें इफको फर्टिलाइजर कंपनी की डीलरशिप उपलब्ध कराने की जानकारी दी थी।
उसने विज्ञापन में दिए फार्म को भर कर ऑनलाइन जमा करा दिया था। उसके बाद उनसे शपथ पत्र व कई प्रमाण पत्र भरवाए गए। इस एवज में उनसे अलग-अलग समय में राशि ली गई। कभी फार्म फीस के नाम तो कभी अन्य माध्यम से राशि मांगी गई। बाद में उनसे डीएपी व यूरिया भेजने के नाम पर भी एडवांस पैसे खातों में जमा कराए गए।
आरोपियों ने उनसे कुल 15 लाख 90 हजार 800 रुपये ऐंठ लिए गए। पैसे लेने के बाद उन्हें कुछ नहीं मिला। जिस पर उन्हें ठगी का पता लगा। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
99 मामलों का पता लगा, खंगाले जा रहे बैंक खाते
एएसपी मयंक गुप्ता ने बताया कि आरोपी प्रिंस राज ने बीएससी कर रखी है। वह बीएड की पढ़ाई कर रहा था। वहीं आर्यन स्नातक दूसरे वर्ष का छात्र है। तीसरा आरोपी रोहित कुमार भी स्नातक कर चुका है। तीनों आरोपी लालच के चलते ठगी के इस धंधे में आ गए। आरोपियों से पूछताछ में करीब 99 मामलों का पता लगा है। इनके बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।