जली हुई मारूति वैन को देखते हुए लोग
- फोटो : bureau
जुलाना रोड पर गांव बनवासा के पास सीएनजी मारुति वैन के पेड़ से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक ही शिनाख्त हो सकी है। वहीं गाड़ी चालक का भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में गोहाना के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया।
गांव जुआं निवासी ईश्वर (45) के बेटे की शादी 31 मार्च को है। बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड ईश्वर बांट रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को वह भांजे प्रदीप (28) निवासी गौतम नगर, गोहाना के साथ मारुति वैन से अपनी बहन प्रेमो के घर गांव गतौली, जिला जींद में शादी का कार्ड देने जा रहा था। पुलिस के मुताबिक इन दो लोगों के साथ एक अन्य भी कार में सवार था। वैन को ईश्वर चला रहा था। करीब 7.30 बजे शाम जब वे जुलाना रोड पर गांव बनवासा के पास पहुंचे तो उसका संतुलन बिगड़ गया। जिसके चलते गाड़ी पेड़ से जा टकराई। इसके बाद गाड़ी में लगी सीएनजी किट से गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते वैन आग का गोला बन गई। हादसे में प्रदीप को तो किसी तरह बचा लिया गया जबकि ईश्वर और एक अन्य की जलने से मौत हो गई। ग्रामीणों से मिली सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग को बुझाया। घायल प्रदीप को ग्रामीणों की मदद से गोहाना के सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया।
क्या कहते है जांच अधिकारी
थाना बरोदा में नियुक्त एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि मारुति वैन में तीन लोग सवार थे। इनमें से प्रदीप जहां बुरी तरह से घायल हो गया वहीं ईश्वर और एक अन्य की हादसे में मौत हो गई। मरने वाले एक अन्य व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
दिल्ली रोड पर सीएनजी किट फिट करने वाले रमेश ने बताया कि किट पूरी तरह से सुरक्षित होती है। हादसा होने के बाद कहीं से गैस लीक हुई होगी। शार्ट सर्किट के चलते उसने आग पकड़ ली। ऐसा किसी भी गाड़ी के साथ हो सकता है। लोगों को अपनी गाड़ी में कंपनी एप्रूव्ड किट ही लगवानी चाहिए।