गांव साफियाबाद के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश एक युवक पर हेलमेट से हमला कर उसकी सेंट्रो कार लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली के नरेला स्थित अनाज मंडी क्षेत्र के रहने वाले सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह नरेला में ग्रीस बेचने का काम करता है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को वह किसी काम से सोनीपत आए थे। रात को जब वह वापस नरेला जा रहा था तो साफियाबाद के पास सड़क टूटी होने के कारण उनकी कार काफी कम गति में चल रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसके पास आए उसकी कार को रुकवा लिया। उसके कार रोकते ही मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उस पर हेलमेट से हमला करना शुरू कर दिया। जिससे वह चोटिल हो गया। बाद में युवकों ने उसे जबरन कार से नीचे उतार दिया और उसकी कार लेकर फरार हो गए। उसने तुरंत मामले की शिकायत कुंडली थाना के अंतर्गत बारोटा चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है। बारोटा चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम बदमाशों का पता लगाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्हें जल्द काबू कर लिया जाएगा।