गांव पिनाना में युवक की हत्या करने के आरोपी सरपंच और उसके पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी सरपंच जय सिंह और रवि हैं। दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। दूसरी ओर पुलिस ने सोनीपत-गोहाना रोड पर शव रखकर जाम लगाने वाले 40 लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है। इस मामले में ग्रामीणों ने शुक्रवार को डीआईजी के निवास स्थान पर पहुंचकर न्याय की गुहार भी लगाई।
गांव पिनाना निवासी प्रवेश कुमार बृहस्पतिवार को गांव के सरपंच जय सिंह के घर गया था। प्लॉट के विवाद के चलते प्रवेश की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सरपंच जयसिंह और उसके बेटे रवि को आरोपी बताया गया था। बताया गया था कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी प्लॉट को लेकर कहासुनी हो चुकी थी। इसी वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया था। उसी समय सरपंच जयसिंह और उसके पुत्र रवि के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज किया गया था। शव लेकर वापस गांव पहुंचे परिजनों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर गुरुवार देर शाम सोनीपत-गोहाना रोड पर जाम लगा दिया था। लगभग तीन घंटे तक लगाए गए इस जाम डीएसपी आर्यन चौधरी, प्रदीप कुमार और भारती डब्बास के प्रयास के बाद ही खुलवाया जा सका था। इस मामले में थाना प्रभारी धीरज कुमार की टीम ने आरोपी सरपंच जयसिंह व उसके पुत्र रवि को मोहाना के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
तीन डीएसपी ने खुलवाया जाम
गुरुवार देर शाम लगाए गए जाम को तीन डीएसपी के प्रयासों के बाद ही खुलवाया जा सका था। पहले तो मोहाना थाना प्रभारी धीरज कुमार ने अपने स्तर पर प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद डीएसपी आर्यन चौधरी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अंत में डीएसपी प्रदीप कुमार और भारती डब्बास ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया था।
40 लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
सोनीपत-गोहाना मार्ग पर जाम लगाने को लेकर थाना मोहाना पुलिस ने 14 लोगों को नामजद करते हुए 40 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनके खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर लोगों को परेशान करने का आरोप है। एसआई सुरेंद्र के बयान पर गांव पिनाना निवासी सत्यनारायण, अमित, दीपक, दलवीर, रामकुमार, नफे सिंह, नरेश, हीरा, अनिल, शोलू, मोटू, करणा और झज्जर के गांव कुलताना निवासी अमित व नीटू तथा 20-25 अन्य पुरुष-महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।