सोनीपत में चोरी निरोधक दस्ते के हत्थे चढ़े लूट व चोरी के आरोपी
- फोटो : sonipat
चोरी की वैन पर जाली नंबर प्लेट लगाकर उसे बेचने जा रहे दो शातिर बदमाशों को चोरी निरोधक दस्ते ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई वैन बरामद किए जाने के साथ ही पुलिस ने लूट व एक अन्य चोरी की वारदात से पर्दा उठाया है, जिसमें कैंटर चालक से हुई 70 हजार व मोबाइल फोन की लूट भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान पटेल नगर निवासी आशीष उर्फ आशू व आदर्श नगर सोनीपत निवासी संजय उर्फ काकू के रूप में दी है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
गाड़ी बेचने की फिराक में थे आरोपी
चोरी निरोधक टीम प्रभारी एएसआई अशोक कुमार अपनी टीम के साथ जीटी रोड पर गांव नाथूपुर मोड़ के निकट गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दो युवक चोरी गई इक्को वैन पर जाली नंबर प्लेट लगाकर उसे बेचने के लिए घूम रहे है। वह नाथूपुर के पास है। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी। इसी बीच दो युवक इक्को वैन लेकर गुजरने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रुकवा लिया। पुलिस ने युवकों को कागजात दिखाने को कहा तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वैन को उन्होंने 24 दिसंबर को दिल्ली के जहांगीरपुरी से चोरी किया था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपनी पहचान आशीष व संजय के रूप में दी। साथ ही आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक अन्य इक्को वैन को 18 दिसंबर को गुड़गांव के सेक्टर-5 से चोरी किया था। उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
लूट की वारदात से उठा पर्दा
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में कैंटर चालक से 70 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट की वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया है। मामले को लेकर एक दिन पहले ही हिसार के गांव करबला निवासी जगमहेंद्र ने लूट की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह फ्लोर मिल में कैंटर चालक का काम करता है। वह 30 दिसंबर को कुंडली में मशीन लेने आया था। इसी दौरान उसके साथ दो युवकों ने लूट की वारदात की।
स्मैक का खर्च जुटाने को करते थे वारदात
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह लूट व चोरी की वारदात स्मैक के लिए अंजाम देते थे। दोनों स्मैक का नशा करने के आदी हैं। नशे के लिए वह लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगे।
दो युवकों को चोरी की वैन सहित पकड़ा गया। आरोपी उस पर जाली नंबर प्लेट लगाकर उसे बेचने के लिए घूम रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से चोरी व लूट की दो अन्य वारदात सुलझी है।
-अशोक कुमार, एएसआई, प्रभारी चोरी निरोधक दस्ता