फोटोग्राफर की दुकान से किराए पर कैमरा लेकर उसे किसी और से बेचने के मामले का निपटारा करते हुए उपमंडल न्यायालय की न्यायाधीश डॉ. कविता कंबोज ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
शहर के मेन मार्ग स्थित दहिया फोटो वीडियो शॉप संचालक देवेंद्र दहिया ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दिसंबर 2015 में रोहतक के कंसाला निवासी चेतन ने उसका फिल्म बनाने वाला वीडियो कैमरा किराए पर लिया था। किराए के रूप में एक हजार रुपये प्रतिमाह की डील हुई थी, लेकिन चेतन ने उसका कैमरा वापस नहीं दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने कैमरा उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति को एक लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 83 हजार रुपये की राशि नकद बरामद भी की थी व बाकी राशि आरोपी ने खर्च कर दी थी। यह मामला खरखौदा न्यायालय में चल रहा था। खरखौदा न्यायालय की न्यायाधीश डॉ. कविता कंबोज ने आरोपी चेतन को दोषी करार देते हुए उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला सुनाया है।