जीआरपी आगरा कैंट ने चोरी के आरोपी कलुआ को पकड़ा
- फोटो : फाइल फोटो
पुलिस की आंखों में 17 साल से धूल झोंक रहा अभियुक्त को जीआरपी कैंट ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। शाहगंज थाना क्षेत्र के चोरी के आरोपी को कोर्ट से वारंट जारी किए गए थे। घर की कुर्की के बाद भी वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था।
आगरा कैंट जीआरपी के थाना प्रभारी मणिकांत शर्मा ने बताया कि टीम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से महावीर नगर, नई आबादी निवासी कलुआ उर्फ गिरीश को पकड़ा। आटो चालक गिरीश पर बैग चोरी का आरोप था। वह कैंट थाने में भी वांछित था। शाहगंज में चोरी के मामले में वह वर्ष 2000 में जेल गया था। जमानत पर छूटने के बाद वह फरार हो गया। कोर्ट में पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए पर वह अदालत में पेश नहीं हुआ। शाहगंज पुलिस ने उसकी तलाश में कई राज्यों की खाक छानी। इस दौरान अदालत के आदेश पर कलुआ के खिलाफ धारा 82-83 की कार्रवाई भी हुई लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा था। पूछताछ में कलुआ ने बताया कि वह ग्रामीण अंचल में आटो चला रहा था। कई दफा कैंट पर भी आटो लेकर आता था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कलुआ को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।