स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) बहादुरगढ़ की टीम ने 30 हजार के इनामी बदमाश व कुख्यात रामकरण गैंग के शार्प शूटर रोहतक के कलानौर निवासी मोहित उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी शार्प शूटर गढ़ी सिसाना निवासी प्रियव्रत फौजी का साथी रहा है। एसटीएफ बहादुरगढ़ ने उसे बुधवार को सोनीपत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
एसटीएफ बहादुरगढ़ प्रभारी विवेक मलिक ने बताया कि पुलिस टीम ने इनपुट के आधार पर मोहित उर्फ विक्की को पकड़ा है। मोहित रामकरण बैंयापुर गैंग शार्प शूटर है। उस पर वर्ष 2017 में शराब कारोबारी व बदमाश संदीप बड़वासनी की हत्या का भी आरोप है। जिसमें वह जमानत पर है।
इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद उस पर संदीप बड़वासी की गैंग को संभालने वाले बिट्टू बरोणा पर सोनीपत कोर्ट में मार्च, 2021 में जानलेवा हमला करवाने का षड्यंत्र रचने का आरोप है। साथ ही उसी दिन शार्प शूटर प्रियव्रत के साथ मिलकर बिट्टू बरोणा के पिता कृष्ण की बरोणा गांव में गोलियां मारकर हत्या करने का भी आरोप है।
अप्रैल तक प्रियव्रत के साथ था मोहित
एसटीएफ प्रभारी ने बताया कि कृष्णा बरोणा की हत्या करने के बाद प्रियव्रत व मोहित ने एक साथ फरारी काटी है। उसने पुलिस पूछताछ में बताया है कि अप्रैल में अचानक प्रियव्रत उससे दूर हो गया था। बाद में उसे पता लगा कि उसका नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में आया है। पुलिस उससे गहनता से पूछताछ कर रही है।
सोनीपत पुलिस ने रखा था 30 हजार का इनाम
कुख्यात बदमाश बिट्टू बरोणा की हत्या की कोशिश का षड्यंत्र रचने व उसके पिता कृष्ण की हत्या में आरोपी मोहित पर 30 हजार का इनाम था। उसकी गिरफ्तारी पर बिट्टू बरोणा की हत्या की कोशिश के मामले में 5 हजार व कृष्ण की हत्या के मामले में 25 हजार रुपये का इनाम था।
कृष्ण बरोणा की हत्या के मामले में आरोपी मोहित कलानौर को गिरफ्तार किया गया है। वह रामकरण बैंयापुर का शार्प शूटर है और प्रियव्रत फौजी साथी है। अप्रैल तक वह प्रियव्रत के साथ ही रहा है। वह हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, डकैती के मामलों में नामजद है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। ताकि उससे अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा सके।
- विवेक मलिक, प्रभारी, एसटीएफ बहादुरगढ़