सोनीपत में सदर थाना प्रभारी से मिलने पहुंचे किशोर के परिजन।
- फोटो : bureau
शहर के मुरथल रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी से हुए हादसे में किशोर की मौत का मामला तूल पकड़ रहा है। किशोर के परिजनों ने पुलिस से मिलकर कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ भी मामला दर्ज करने व गिरफ्तार करने की मांग की है। थाना सदर प्रभारी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि शुक्रवार रात को गीता भवन क्षेत्र निवासी लवीश की बेटी की शादी थी। शादी समारोह का आयोजन मुरथल रोड स्थित बैंक्वेट हॉल ग्रैंड गार्डन में किया गया था। देर रात करीब डेढ़ बजे दुल्हन जब बाइक पर सवार होकर गार्डन पहुंची तो उसके स्वागत के लिए आतिशबाजी शुरू हो गई। आतिशबाजी के बीच ही जिस लोहे के पाइप में पटाखा रखकर फोड़ा जा रहा था वह फट गया और शादी समारोह में मौजूद तुषार (15) की सीने में लोहे का टुकड़ा जा घुसा, जिससे तुषार की मौत हो गई थी। तुषार के पिता हेमंत बत्रा के बयान पर अज्ञात पटाखा फोड़ने वाले व गार्डन मालिक प्रमोद भगत के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया था।
सोमवार को तुषार के पिता हेमंत बत्रा व अन्य परिजन थाना सदर में पहुंचे और पुलिस को बताया कि कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार किया जाए। साथ अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। थाना सदर प्रभारी पहलाद ने आश्वासन दिया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।