हरियाणा के सोनीपत में कुंडली थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ पड़ोस के दो युवकों ने दुष्कर्म किया। आरोपियों ने कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किशोरी घर लौटी तो पिता को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडली थाना क्षेत्र के गांव की एक 15 वर्षीय लड़की रविवार शाम को घर से बाहर गई थी। इसके बाद जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। उसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। देर शाम घर लौटी तो उसने परिजनों को बताया कि पड़ोस में रहने वाले दो युवक उसे अपने कमरे पर ले गए।
कमरे में ले जाने के बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों से उसे धमकी दी कि किसी को कोई जानकारी दी तो उसे मार देंगे। किशोरी के पिता ने वारदात की सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में किशोरी के पिता के बयान दर्ज कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके पर जाकर सबूत जुटाए। वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों के बारे में पुलिस ने जानकारी जुटा ली है। दोनों आरोपी भागे हुए हैं। पुलिस को पता चला है कि किशोरी की आरोपियों से पहले से बोल चाल थी।
किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली