दिल्ली से अमृतसर जा रही शहीद एक्सप्रेस ट्रेन में हार्टअटैक से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि रेलवे स्टेशन पहुंचे एंबुलेंस चालक ने शव को सिविल अस्पताल ले जाने से मना कर दिया।
शुक्रवार दोपहर बाद नवी आबादी, अमृतसर पंजाब निवासी रामप्रकाश (55) शहीद एक्सप्रेस से अमृतसर जा रहा था। वह गाड़ी के जनरल कोच में सवार था। राठधना रेलवे स्टेशन के नजदीक उसको सफर के दौरान ही हार्टअटैक आ गया। सोनीपत स्टेशन पर पहुंचते पहुंचते उसकी मौत हो गई।
रेलयात्रियों ने मामले की सूचना थाना जीआरपी और आरपीएफ की टीम को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रेेन से प्लेटफार्म नं. 3 पर उतारा। जब शिनाख्त के लिए जेबों की तलाशी ली तो उसके वोटर आईडी कार्ड से शव की पहचान हो सकी।
एंबुलेंस चालक द्वारा शव को ले जाने से इंकार के बाद पुलिस ने शव को अपने वाहन में डाला और सिविल अस्पताल में रखवा दिया। थाना जीआरपी के जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि शव के संबंध में अमृतसर कंट्रोल रूम के माध्यम से परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके वारिसों को सौंप दिया जाएगा।