सोनीपत के गोहाना की मुगलपुरा कॉलोनी में एक व्यक्ति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरी में भरकर ड्रेन नंबर-8 की पटरी पर फेंक दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर उसके आरोपी पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या, शव को खुर्द-बुर्द करने व षड्यंत्र रचने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्जकर लिया है।
पानीपत के गांव लाखु बुआना निवासी राकेश ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया कि उसकी बहन ज्योति (32) की शादी खरखौदा के गांव फरमाणा निवासी विकास से हुई थी। ज्योति की दो बेटियां और एक बेटा है। विकास पत्नी और बच्चों के साथ कुछ समय पहले गोहाना शहर की मुगलपुरा कॉलोनी में आकर रहने लगा था।
वह राजमिस्त्री का काम करता है। विकास शराब पीने का आदी है, जिसके चलते पति-पत्नी में मनमुटाव चल रहा था। विकास शराब पीकर पत्नी से अक्सर मारपीट करता था। राकेश ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार दोपहर को बहन से मिलने गोहाना आया था। ज्योति घर पर नहीं मिली तो उसने उसकी तलाश शुरू कर दी। उसे पता चला कि विकास ने उसकी बहन की हत्या कर शव ड्रेन के पास फेंक दिया है।
वह बहन की तलाश करते हुए सोमवार रात करीब दस बजे ड्रेन की तरफ गया तो उसकी नजर ड्रेन की पटरी पर में पड़ी बोरी पर गई। उसने बोरी खोल कर देखी तो उसमें ज्योति का शव मिला। राकेश ने शक जताया कि ज्योति की हत्या में विकास के भाई अशोक, बिजेंद्र, बिजेंद्र की पत्नी मीना व विकास के दोस्त सुरेंद्र ने षड्यंत्र के तहत वारदात की है।