सोनीपत में कोर्ट परिसर में दो पक्षों में रंजिश के चलते गोलियां चल गईं। गोलियां चलने से कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई। हमले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फिलहाल एक पक्ष के बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कुछ दिन पहले सामने आए हनीट्रैप के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।
सोमवार को कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ लगी थी। परिसर में अधिवक्ताओं के चेंबर के बाहर अचानक गोलियां चलने की आवाज आई। परिसर में एक साथ तीन से चार हवाई फायर किए गए। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना का पता लगते ही डीसीपी अंशु सिंगला, थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है, जिसमें गोली चलने पर लोग भागते दिख रहे हैं।
मामले में एक पक्ष के अधिवक्ता मनोज का आरोप है कि सोमवार को किसी काम से बी-ब्लॉक के चेंबर में गए थे। जब वह बाहर निकले तो नीरज, पंकज, दीपक व 15-20 अन्य ने उन्हें पकड़ लिया। गाली-गलौज कर धमकी दी गई। इसी बीच उनके परिवार के सदस्य व अन्य बीचबचाव को आए तो आरोपी उनके पीछे हथियार लेकर भागने लगे। इस दौरान गोलियां भी चलाईं। धारदार हथियार लेकर भी उनके पीछे भागे। पुलिस ने उनके बयान पर तीन नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं पुलिस का कहना है दूसरे पक्ष के अधिवक्ता प्रदीप ने शिकायत दी है कि उनके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। उन्हें हनीट्रैप में फंसाकर रुपये की मांग की गई थी। महिला समेत अधिवक्ता मनोज व विजय को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद से वह रंजिश रखे हुए थे। सोमवार को वह कोर्ट परिसर में थे झगड़ा कर गोलियां चलाई गईं। पुलिस उनके बयान पर जांच कर रही है।
सीसीटीवी में लोग इधर-उधर भागते दिख रहे लोग
घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी में गोल चलने व लोगों के इधर-उधर भागते हुए फुटेज वायरल हो रहा है। लोग भागकर छिपते दिख रहे हैं, जिसे पुलिस को दिया गया है। पुलिस फुटेज खंगाल रही है।
अधिवक्ता से तीन दिन पहले हुई थी मारपीट, मुकदमा दर्ज
एक पक्ष के अधिवक्ता ने तीन दिन पहले मारपीट का आरोप लगाया है। अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन के सचिव वीरेंद्र दूहन ने शिकायत दी है कि अधिवक्ता विजय और उसके साथियों ने प्रदीप नाम के अधिवक्ता के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था। एसआईटी की जांच में मामला झूठा निकला, जिसके बाद पुलिस ने हनीट्रैप का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की थी। प्रदीप के खिलाफ झूठा मुकदमा होने के चलते उन्होंने प्रदीप का साथ दिया था। इसी रंजिश के चलते 8 सितंबर को विजय ने कोर्ट परिसर में उसके साथ मारपीट की। मामले की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दी गई थी। जांच के बाद पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोर्ट परिसर में गोली चली है, जिसमें दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। एक पक्ष के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे के आरोप की जांच जारी है। एक अन्य अधिवक्ता के बयान पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, शहर सोनीपत।