एसआईटी शाखा पुलिस ने दो युवकों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी मोनू निवासी लल्हेड़ी व सोमबीर निवासी बिधल हाल कौट मौहल्ला के रहने वाले हैं। आरोपियों से हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, अवैध हथियार जैसी 16 वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस महानिरीक्षक हरदीप सिंह दून ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि एक अक्तूबर को अमित निवासी राजलूगढी ने थाना गन्नौर में शिकायत दी थी कि मोनू निवासी लल्हेड़ी व इसके दो साथियों ने जान से मारने की नीयत से गोली मारकर घायल किया है। इसके बाद केस को एसआईटी शाखा को मामला सौंपा गया। एसआईटी पुलिस ने जीटी रोड लड़सौली के पास से मोनू निवासी लल्हेड़ी व सोमबीर निवासी बिधल हाल कोट मोहल्ला को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्तौल व चार कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वो उतर प्रदेश भागने की फिराक में थे। शुक्रवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
मोनू निवासी लल्हेड़ी से 2008 में सदर गोहाना में हत्या प्रयास व दो अवैध हथियार का मामला, थाना गन्नौर में डकैती का मामला, 2009 में जान से मारने की धमकी देने, हत्या व हत्या का प्रयास का मामला सदर गोहना, 2012 में हत्या व अवैध हथियार का मामला, 2013 में गिरोहबंदी एवं अवैध हथियार का मामला थाना गन्नौर, 2015 में लूट व अपहरण व 2016 मे अवैध हथियार का मामला थाना गन्नौर और हवाई फायर करने का मामला थाना गन्नौर में दर्ज वारदातों का खुलासा हुआ है।
वहीं, सोमबीर निवासी बिधल से 2008 में चोरी में थाना बरोदा, चोरी के मामले में थाना सिविल लाइन सोनीपत 2012 में हत्या एवं अवैध हथियार के मामले में थाना बरोदा, 2016 में लड़ाई-झगडे़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना मोहाना में दर्ज वारदातों का खुलासा हुआ है।