गांव मोहाना में सरपंच पद के प्रत्याशी के घर पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। आरोप है कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखता है, इसीलिए दबाव बनाकर उसका नामांकन वापस कराना चाहते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके से सबूत एकत्र किए हैं।
गांव मोहाना निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखता है और सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। इसका नामांकन भी दाखिल कर दिया है। नामांकन दाखिल करने के बाद से कई लोगों को परेशान हैं और उस पर चुनाव नहीं लड़ने का दबाव बना रहे हैं।
नरेंद्र के अनुसार शुक्रवार को रात लगभग 12 बजे घर के दरवाजे पर किसी ने गोली चलाई। आवाज सुनकर वह बाहर आया तो कोई भी नहीं था। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। इस पर मोहाना थाना प्रभारी कमलजीत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौके से गोली का खोल बरामद किया।
नरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गोली चलाकर दहशत बनाने का मामला दर्ज किया है। नरेंद्र ने बताया कि उसके पिता राजबब्बर भी गांव के सरपंच रह चुके हैं, उनके साथ भी कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार किया था।
सरपंच पद के प्रत्याशी नरेंद्र ने शिकायत दी थी। मौके से गोली का खोल भी बरामद किया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -कमलजीत, प्रभारी, मोहाना थाना