सोनीपत के गांव मदीना के दो युवकों को सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करना महंगा पड़ गया। युवकों ने हथियारों संग फेसबुक व इंस्टाग्राम आईडी पर फोटो अपलोड किए तो साइबर सेल पुलिस ने उनके खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है। बरोदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक व इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर रखे थे हथियार संग फोटो
साइबर सेल में नियुक्त एचसी दिनेश ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि डीसीपी गोहाना की तरफ से 21 जनवरी को मिले पत्र के आधार पर सोशल मीडिया पर हथियार सहित फोटो अपलोड करने की जानकारी मिली थी। जिसकी जांच कराई गई तो पता लगा कि फेसबुक व इंस्टाग्राम पर फोटो अपलोड किए गए है वह आईडी जिस मोबाइल नंबर पर वह मदीना के रणधीर के नाम पर है। जिस पर उसके खिलाफ बरोदा थाना में अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हथियार के फोटो देखकर बरोदा थाना में दर्ज कराया मुकदमा
वहीं एएसआई साइबर सेल के एएसआई जोगेंद्र ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि डीसीपी गोहाना की तरफ से 21 जनवरी को मिले पत्र के आधार पर जांच की तो पता लगा कि मदीना गांव के आशीष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अवैध हथियार सहित फोटो अपलोड कर रखे है। जिस पर आशीष के खिलाफ कार्रवाई को लिखा गया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।