थाना सदर पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट गिरोह को काबू करने में सफलता हासिल की है। गिरोह के चारों अपराधियों को काबू किया गया है। इन लोगों ने पेट्रोल पंप लूट की तीन वारदातों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में गांव कामी निवासी अंकित, मूलरूप से गांव आहुलाना फिलहाल वेस्ट रामनगर निवासी संदीप उर्फ पीपल, मूलरूप से गांव चिड़ाना फिलहाल गांधी कालोनी, गन्नौर निवासी निवासी अंकित और आहुलाना निवासी विक्की उर्फ शेरा है। इन सभी आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और 90 हजार रुपये की लूट की राशि बरामद की गई है। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। चारों आरोपियों में अंकित निवासी कामी मास्टर माइंड है, जोकि पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है। चारों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। खास बात ये है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के समय एक आरोपी ने तो पुलिस कर्मी पर ही पिस्तौल तान दी थी, हालांकि बाद में पुलिसकर्मियों ने हौसले से काम लेते हुए आरोपियों को काबू कर ही लिया था।
20 को 2 और 22 को 2 काबू
चारों आरोपियों को पुलिस ने इकट्ठे काबू नहीं किया था। सबसे पहले तो पुलिस के हत्थे कामी निवासी अंकित और संदीप उर्फ पीपल आए थे। इन दोनों को 20 नवंबर को जाहरी रेलवे अंडरब्रिज से काबू किया गया था। दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान ही 22 नवंबर को अंकित और विक्की को गन्नौर से गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को चारों को अदालत में पेश किया गया।
अंकित ने तान दी थी रिवाल्वर
थाना सदर प्रभारी अजय मलिक अपनी टीम के साथ 20 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर जाहरी रेलवे अंडरब्रिज के पास पहुंचे थे। सूचना दी कि दो युवक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर जब दबिश देनी शुरू की तो अंडरब्रिज के नीचे मौजूद अंकित और संदीप ने भागने की कोशिश की थी, लेकिन जब वे सफल नहीं हुए तो अंकित ने हाथ में लिया रिवाल्वर पुलिसकर्मियों पर तान दिया था। हालांकि पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए अंकित को काबू कर ही लिया।
90 हजार और रिवाल्वर बरामद
पुलिस ने लूट की रकम में से 90 हजार रुपये आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक रिवाल्वर, दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। कामी के अंकित से 34 हजार 100 रुपये, रिवाल्वर व कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को गांधी नगर कालोनी से, गांधी कालोनी के अंकित के कब्जे से 30 हजार रुपये व डंडे, संदीप उर्फ पीपल से 63 सौ रुपये व विक्की से 20 हजार रुपये बरामद किए गए।
अंकित मास्टर माइंड और पुराना अपराधी
पुलिस के अनुसार कामी का अंकित इस गिरोह का मास्टर माइंड था। इसी गिरोह ने 15 नवंबर को कामी के पेट्रोलपंप पर लूट की थी। 15 नवंबर को महेंद्र निवासी रायपुर की शिकायत पर 4 नकाबपोश युवकों के खिलाफ 1 लाख 45 हजार रूपये की नकदी व मोबाइल फोन लूटने का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी शामिल थे। जबकि इससे पहले 6 नवंबर को पुरखास स्थित पेट्रोल पंप और 4 नवंबर को गुमड़ स्थित पेट्रोल पंप से लूट के मामले में भी ये चारों शामिल थे। इनके अलावा अंकित के खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। बता दें कि ये गिरोह पहले बाइक लूटता था, इसके बाद अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए उसी बाइक का इस्तेमाल करता था।
- अंकित कामी को 31 जुलाई, 2013 को अवैध हथियार के मामले में थाना सदर सोनीपत पुलिस काबू किया गया।
- जुलाई, 2013 में लूट की घटना में थाना सदर पुलिस द्वारा पहले भी गिरफ्तार किया गया था।
- वर्ष 2015 में लड़ाई-झगड़े के मामले में थाना सदर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।
- वर्ष 2015 में थाना सिविल लाइन में दर्ज दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त था।
- वर्ष 2015 में अक्टूबर में ही थाना शहर सोनीपत में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी की घटना में संलिप्त था।
-7 अक्टूबर को गांव बोहर, रोहतक में हत्या प्रयास की घटना में नामजद है।