स्थानीय विधायक एवं पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति की गन्नौर पुलिस द्वारा पहचान कर ली गई है। आरोपी हिसार निवासी अनिल है और पंचकूला स्थित रोजगार कार्यालय में सहायक के पद पर तैनात है।
डीएसपी सतीश शर्मा ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें विधायक कुलदीप शर्मा को पिछले दिनों एक अज्ञात युवक ने फोन पर धमकी दी थी।
विधायक ने गन्नौर थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। धमकी देने वाले व्यक्ति ने विधायक कुलदीप शर्मा को पांची मर्डर केस में आरोपियों को पकड़ने के लिए दबाव न डालने की धमकी देते हुए कहा यदि वे दबाव डालते रहे तो उन्हें सबक सिखाया जाएगा।