उपमंडल के गांव पुरखास के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल व चाकू के बल पर एक मोबाइल कंपनी के सेल्स मैनेजर व उसके कारिंदे से एक लाख 23 हजार रुपये की नगदी, मोबाइल फोन व जरूरी कागजात लूट लिए। पीड़ित मैनेजर ने मामले की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सनपेड़ा निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह एक मोबाइल कंपनी में सेल्स मैनेजर का काम करता है। सोमवार को वह कंपनी के कारिंदे गांव भौरा रसूलपुर निवासी सन्नी के साथ बाइक पर गन्नौर के विभिन्न गांवों से नकदी एकत्र करने गए थे। जब वह पुरखास गांव से पैसे लेकर वापस लौट रहे थे तो पीछे से बाइक पर आए दो युवक आए और उनकी बाकइ रुकवा ली।
इस दौरान एक युवक ने अनिल पर पिस्तौल तान दी तथा दूसरे युवक ने चाकू दिखाकर सन्नी को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों बदमाश उनसे एक लाख 23 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल व जरूरी कागजात छीन कर गांव शेखपुरा की तरफ फरार हो गए। अनिल ने बताया कि दोनों बदमाशों ने अपने चेहरों को शॉल से ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई। उनकी बाइक की नंबर प्लेट भी मुड़ी हुई थी।
इस बारे में डीएसपी सतीश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही लुटेरों को काबू कर उनसे लूट की राशि व अन्य सामान बरामद कर लिया जाएगा।