हरियाणा के सोनीपत में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने गांव पिनाना में न्यू शिव ईंट भट्ठा पर छापा मारा। ईंट भट्ठे पर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के आदेशों की अवहेलना करने के साथ प्रतिबंधित कार्बन जलाया जा रहा था। मामले में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के निरीक्षक ने मोहाना थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि पिनाना में एनजीटी के प्रतिबंध के बाद भी ईंट भट्ठा चलाने की सूचना मिली थी। जिस पर करनाल टीम में शामिल एसआई सुकम पाल के साथ एसआई शेर सिंह व एएसआई वीरेंद्र की टीम को भेजा गया था।
उनके साथ खाद्य एवं पूर्ति विभाग के निरीक्षक नवीन पालीवाल, दीपक भारद्वाज, नरेंद्र मलिक, उप निरीक्षक मंदीप व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ रविंद्र यादव भी थे। टीम ने छापा मारा तो भट्ठा चलते मिला, जबकि एनजीटी ने 29 जून के बाद भट्ठा बंद करने के आदेश दिए थे। उसके बावजूद भट्ठे को चलाया जा रहा था। भट्ठा दिल्ली के सेक्टर-14 निवासी योगेंद्र के नाम पर है।
एसडीओ रविंद्र यादव ने जांच कर बताया कि भट्ठे पर प्रतिबंधित कार्बन (रबड़) जलाई जा रही थी, जिससे काफी मात्रा में धुआं निकल रहा था। उन्होंने इसे लेकर कार्रवाई करने की सिफारिश की। खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से भी डीएफएससी को लिखकर भट्ठे का लाइसेंस रद्द या निलंबित करने की सिफारिश की गई है।
मामले में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के निरीक्षक नवीन पालीवाल ने मोहाना थाना पुलिस को शिकायत दी है। साथ ही मौके से दो ट्रॉली में भरा कार्बन व काफी मात्रा में कट्टों में भरा गया कार्बन मिला है। पुलिस ने नवीन पालीवाल के बयान पर भादंसं की धारा 188, 285 व 37 एयर पॉल्यूशन एक्ट 1981 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कई भट्ठे संचालक बंद कर भागे
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम के ईंट भट्ठे पर छापा मारने का पता लगने पर कई अन्य भट्ठा संचालक भाग गए। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का कहना है कि लगातार छापा मारने की कार्रवाई की जाएगी।
एनजीटी के आदेशों की अवहेलना नहीं होने दी जाएगी। टीम ने छापा मारकर ईंट भट्ठा चलते हुए पकड़ा है। ईंट भट्ठा संचालक पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
-अजीत सिंह, डीएसपी, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता।