हरियाणा के सोनीपत के गांव फिरोजपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक ऑयल गोदाम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने छापा मारकर सवा लाख लीटर खनिज व काला तेल बरामद किया है। गोदाम में तेल रखने को लेकर वहां मौजूद व्यक्ति कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम एसआई कर्मबीर की अगुवाई में एसआई रामनिवास व एएसआई सहदेव के साथ खरखौदा क्षेत्र की फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित साउथ एशियन ऑयल कंपनी के गोदाम पर पहुंची। टीम को सूचना मिली थी कि गोदाम में अवैध तरीके से तेल को स्टोर कर रखा गया है।
मौके पर भारी मात्रा में टैंकों में टीम को खनिज तेल स्टोर किया हुआ मिला। गोदाम में हजारों लीटर के टैंकों को न केवल जमीन में दबाकर रखा गया था, वहीं जमीन के ऊपर रखे टैंकों में भी तेल रखा हुआ था। टीम की जांच में सामने आया कि 12 टैंकों में सात में खनिज तेल, दो टैंकों में काला लुब्रिकेंट मिलने के साथ ही ड्रम में काफी मात्रा में रखा तारकोल भी बरामद हुआ।
गोदाम में रखे ड्रम।
जांच करने के दौरान मौके पर मिले कर्मचारी से जब तेल को स्टोर करने संबंधित कागजात पूछे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर खाद्य एवं पूर्ति विभाग खरखौदा प्रभारी प्रवेश ने गोदाम में स्टोर किए गए तेल की गणना की। वहीं औद्योगिक विस्तार अधिकारी मनजीत दहिया द्वारा संबंधित गोदाम का रिकॉर्ड जांचा गया तो कोई रिकॉर्ड उनके पास नहीं मिला।
जबकि संबंधित तेल गोदाम को कई वर्षों से चलाया जा रहा था। जांच में सामने आया कि आसपास के क्षेत्र में संचालित की जा रही अन्य फैक्टरी में आग जलाने के लिए इस खनिज तेल को प्रयोग में लाया जाता है। ऐसे में खाद्य एवं पूर्ति विभाग व औद्योगिक विस्तार अधिकारी के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की तरफ से सैदपुर चौकी पुलिस को गोदाम मालिक के खिलाफ शिकायत दी है। जिस पर सैदपुर चौकी पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
सवा लाख लीटर मिला तेल
मौके पर टीम को एक लाख 15 हजार चार सौ लीटर खनिज तेल व 16 हजार 400 सौ लीटर काला लुब्रिकेंट मिला। 60 ड्रम तारकोल, पांच मोटर के अलावा टीम ने मौके से एक टैंकर जिसमें हसनगढ़ से तेल लाया गया था और एक कंपनी के टैंकर को भी मौके से अपने कब्जे में ले लिया गया। जबकि गोदाम को सील कर दिया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के छापे में अवैध तेल का गोदाम पकड़ा गया है। मामले की जांच की जा रही है, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। - इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा