हरियाणा के सोनीपत जिले के कामी रोड पर बाइक सवार दो नकाबपोश एक दुकानदार को लिफाफा देकर फरार हो गए। जब दुकानदार ने लिफाफा खोला तो उसके होश उड़ गए। उसमें मां-बेटी की हत्या करने की धमकी भरे पत्र के साथ ही कारतूस भी था। दुकानदार का आरोप है कि उसकी मां के साथ पहले पैसे छीनने की वारदात हो चुकी है। जिसमें दो आरोपी भी गिरफ्तार हो चुके हैं। वह इसे उसी घटना से जोड़कर देख रहा है। हालांकि उसने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
छोटा शनि मंदिर के पास साबुन दरवाजा के रहने वाले रिंकू ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि कामी रोड पर शुगर मिल के सामने दुकान चलाता है। दुकान पर उसके साथ उनकी मां राजपति भी बैठती हैं। वह मां-बेटा 2 मार्च की दोपहर को दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर दो नकाबपोश वहां पर पहुंचे। उन्होंने बाइक दुकान से दूर ही खड़ी कर दी।
उनमें से एक युवक दुकान पर आया और उसको एक लिफाफा दिया। लिफाफा देने के बाद उसने कहा कि इसको खोलकर ध्यान से पढ़ लेना। उसके बाद दोनों युवक बाइक पर बैठकर चले गए। उसने लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें एक धमकी भरा पत्र और एक कारतूस मिला। पत्र में दुकानदार रिंकू और उसकी मां राजपति को मारने की धमकी लिखी गई थी।
रिंकू ने पुलिस को बताया कि 10 जून, 2021 को उसकी मां राजपति से बाइक सवार दो युवकों ने 5 हजार रुपये छीन लिए थे। उसकी मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जाहरी के रहने वाले सुनील कुमार और जगबीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह फरवरी में जमानत पर आए थे। वह मामले को उससे जोड़कर देख रहे हैं।
शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में जांच कर जल्द आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। - इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन