फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gangster Deepak: पंजाब जेल में बंद मोनू ने 50 लाख रुपये में सौदा कर कराई थी हत्या, आरोपियों ने किया खुलासा

Sun, 08 Oct 2023 08:01 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

पंजाब जेल में बंद मोनू डागर ने 50 लाख रुपये में सौदा कर हत्या कराई थी। गिरफ्तार आरोपियों ने रिमांड के दौरान खुलासा किया है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य मोनू डागर का प्रोडक्शन वारंट लगाया है। जल्द रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।  
विज्ञापन
दीपक मान का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गैंगस्टर दीपक मान हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। सोनीपत के गांव हरसाना में हुई दीपक मान की हत्या पंजाब की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य मोनू डागर ने कराई थी। सदर थाना पुलिस ने मामले से पर्दा उठा दिया है। शुरुआती पूछताछ में 50 लाख रुपये में सौदा तय होने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि मोनू डागर व अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद इसका खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लिया है। आरोपियों को स्पेशल एंटी गैंगस्टर गतिविधि यूनिट ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।

विज्ञापन


पंजाब के जिला फरीदकोट के जैतो मंडी स्थित आंबेडकर नगर निवासी बंबीहा गैंग के गैंगस्टर दीपक मान की चार गोलियां मारकर हत्या की गई थी। उसका शव 1 अक्तूबर को खेत में मिला था। हत्या के एक दिन बाद गांव सिसाना में नारायण आश्रम के पास रजबहा की पटरी पर स्पेशल एंटी गैंगस्टर गतिविधि यूनिट प्रभारी अजय धनखड़ की टीम से हुई मुठभेड़ में गांव गढ़ी सिसाना निवासी मंजीत उर्फ मटकन, चेतन, ओजस घायल हो गए थे। ओजस मूलरूप से रोहतक के गांव बलंभा का रहने वाला और गांव गढ़ी सिसाना में अपने ननिहाल में रह रहा है। पुलिस ने उनके चौथे साथी जसबीर को भी गिरफ्तार किया था। अब सदर थाना पुलिस ने चारों को दीपक हत्याकांड में प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि दीपक मान की हत्या पंजाब की जेल में बंद सोनीपत के गांव रेवली निवासी मोनू डागर ने कराई थी। मोनू डागर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए भी उस पर ही शूटर उपलब्ध करवाने का आरोप है। वह प्रियव्रत से जुड़ा है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि उसने ही आरोपियों से संपर्क किया था। पुलिस अब पता लगा रही है कि उसने किस तरह व किस आरोपी से संपर्क किया था। मोनू डागर ओजस के साथ पहले भी वारदात करने में शामिल रहा है। रोहतक में ओजस को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन


मोनू डागर को जल्द लाएगी पुलिस
पुलिस ने पंजाब जेल में बंद मोनू डागर का प्रोडक्शन वारंट लगा दिया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जिसके बाद मामले से अन्य तथ्य जुड़ सकेंगे। मोनू डागर की पूछताछ के बाद अन्य को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

हत्यारोपियों ने पूछताछ में मोनू डागर का नाम लिया है। उस पर हत्या करवाने का आरोप है। लाखों रुपये में सौदा तय होने की बात कही जा रही है। हालांकि सभी से पूछताछ में सबूत जुटाने पर ही मामले में कुछ कहा जा सकेगा। मोनू डागर को जल्द प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें