शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, पति से तलाक के बाद अब शादी करने से किया मना
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। पानीपत की रहने वाली एक महिला ने एक युवक पर दो साल पहले उसे गोहाना शहर के होटल में लाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसकी ससुराल के गांव में रहने वाले युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके पति से उसका तलाक करा दिया। बाद में उससे संबंध बनाने के बाद भी शादी से मना कर रहा है। महिला ने मामले की शिकायत पानीपत पुलिस को दी थी। जहां से जीरो नंबर पर एफआईआर दर्ज कर गोहाना सिटी थाना में भेज दी गई। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पानीपत में रहने वाली 24 वर्षीय महिला ने बताया कि उसकी शादी जींद के गांव में हुई थी। गांव के विनय का उसकी ससुराल में आना जाना था। जहां पर वह विनय के संपर्क में आ गई। विनय ने उसे शादी करने का झांसा दिया। जिसके कहने पर उसने अपने पति से तलाक ले लिया। महिला का आरोप है कि विनय उसे 13 जनवरी, 2017 को गोहाना के एक होटल में लेकर आया था। यहां पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। बाद में वह उसे शादी करने का झांसा देता रहा। कुछ समय पहले आरोपी ने उससे शादी करने से मना कर दिया। जिस पर उसने मामले की शिकायत पानीपत थाना पुलिस को दी। पानीपत थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच सिटी थाना गोहाना में भेजी गई है। जिस पर अब सिटी थाना गोहाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला ने होटल का नाम पता होने से मना किया है। उसने कहा कि वह होटल को पहचान सकती है। अब महिला को बुलाकर होटल का पता लगाने के साथ ही मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जाएंगे।