गैस एजेंसी के कंप्यूटर ऑपरेटर से गन प्वाइंट पर दो लाख रुपये लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत फरमाणा में गोरड मोड़ के पास बालाजी गैस एजेंसी के कंप्यूटर आपरेटर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने दो लाख रुपये की नकदी लूट ली। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। कंप्यूटर आपरेटर साथी कर्मी के साथ नकदी लेकर बैंक में जमा कराने जा रहा था। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। भागते हुए बदमाश एक सीसीटीवी में भी दिख रहे हैं।
फरमाणा-सिसाना मार्ग स्थित बालाजी गैस एजेंसी के कंप्यूटर आपरेटर अमरजीत ने बताया कि वह मंगलवार सुबह 10 बजे अपने साथी कर्मी विनेश को साथ लेकर पंजाब नेशनल बैंक में दो लाख रुपये जमा करवाने जा रहा था। विनेश बाइक चला रहा था और अमरजीत पीछे बैठा था। दोनों बाइक पर जब बैंक की तरफ चले तो फरमाणा के मुख्य चौक से पहले गोरड मोड़ पर पलसर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। किसी तहत विनेश ने अपनी बाइक को संभाला। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते दो बाइक सवार नीचे उतरे और गन प्वाइंट पर अमरजीत से जबरन नकदी छीन ली। बाद में लुटेरों ने अमरजीत से पूछा कि जेब में और क्या है। अमरजीत के जेब में मोबाइल बताए जाने पर लुटेरों ने उसका मोबाइल छीनने के साथ ही बाइक की चाबी भी छीन ली और मौके से फरार हो गए। अमरजीत का कहना है कि जाते समय लुटेरे कुछ दूरी पर ही उसका फोन व बाइक की चाबी फेंक गए। अमरजीत के मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट पहना हुआ था।
सीसीटीवी में दिखे लुटेरे
सूचना पाकर लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। जिसमें एक सीसीटीवी में पुलिस को लूटपाट को अंजाम देने वाले युवक बाइक पर सवार होकर जाते दिख रहे हैं। वहीं पुलिस के पास बाइक का नंबर भी है। पुलिस पता लगा रही है कि बाइक का नंबर असली है या गुमराह करने के लिए नकली नंबर प्लेट लगा रखी था।
गैस एजेंसी कर्मी की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सुरेंद्र फौगाट, थाना प्रभारी खरखौदा।