भाई के साथ स्कूटी पर बाजार जा रही युवती का पर्स छीना
-बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के महलाना रोड पर भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार जा रही युवती के हाथ से बाइक सवार तीन बदमाशों ने पर्स छीन लिया। वारदात को अंजाम देकर वह तिरंगा चौक की तरफ फरार हो गए। युवती के भाई ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वह भाग निकले। युवक ने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
मालवीय नगर निवासी हर्ष ने बुधवार को पुलिस को बताया कि वह मंगलवार तीसरे पहर अपनी बहन आरती के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार में जा रहा था। जब वह महलाना रोड पर मालवीय नगर में गली नंबर-1 के पास पहुंचे तो इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उनके पास आए और उसकी बहन आरती के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में मोबाइल फोन, नकदी व जरूरी कागजात थे। अचानक हुई वारदात के बाद उसने बदमाशों की बाइक का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश उसकी पकड़ में नहीं आ सके। उसने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया है। हर्ष मलिक की शिकायत पर गोहाना रोड चौकी पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। सिटी थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि स्कूटी सवार युवती से हाथ से पर्स छीनने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द बदमाशों का पता लगाकर काबू किया जाएगा।