महिला ने शराबी को धमकाया तो रात को घर आकर मार गया गोली
-छर्रा पैर में लगने से महिला घायल, केस दर्ज
-गोहाना के बलराज नगर में हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। शहर के बलराज नगर में शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे एक व्यक्ति को महिला ने धमका दिया। जिस पर व्यक्ति देर रात को पिस्टल लेकर आया और महिला के घर के दरवाजे की तरफ गोली चला दी। गोली का छर्रा महिला के पैर में जा लगा। आरोपी वहां से फरार हो गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलराज नगर में गांव बनवासा निवासी सज्जन शुक्रवार रात करीब 10 बजे शराब पीकर हंगामा कर रहा था। जब वह कॉलोनी निवासी सुनीता के घर के सामने सज्जन हुड़दंग कर रहा था तो महिला सुनीता ने उसे धमका दिया। जिस पर वह वहां से चला गया। आरोप है कि सज्जन देर रात 1 बजे पिस्टल लेकर वापस बलराज नगर में पहुंचा और सुनीता के घर के गेट पर गोली चला दी। गोली का छर्रा सुनीता के पैर में जा लगा। जिससे महिला सुनीता घायल हो गई। सज्जन घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। सुनीता ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने सज्जन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
बलराज नगर में महिला के घर पर गोली चलाई गई। छर्रा लगने से महिला घायल हो गई। पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
राजपाल, थाना प्रभारी, शहर गोहाना।