एसएचओ के ब्यान पर थानेदार के खिलाफ धोखाधड़ी व साजिश रचने का आरोप, मुकदमा दर्ज
मतलौडा। मतलौडा थाने के तत्कालिन एसएचओ हाल पोस्टिंग एसएचओ सनौली संदीप कुमार के ब्यान पर मतलौडा थाने के थानेदार एएसआई राजपाल के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने का 5 विभिन्न धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पिछले साल नवंबर में मंडी के आढ़तियों द्वारा लूट के आरोपी की गिरफतारी नहीं होने के विरोध में भालसी गांव के पास पानीपत-जींद हाईवे पर जाम लगाया गया था। इस दौरान भूसलाना वासी रोहतास के ब्यान पर रोड जाम करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे में एसएचओ की ओर से लिखी जाने वाली जीवनी रिपोर्ट उक्त थानेदार ने खुद ही लिखकर तत्कालिन एसएचओ संदीप कुमार के फर्जी हस्ताक्षर कर मुकदमे को ही रदद किया था। इस बारे जब रिपोर्ट उच्च अधिकारियों के संज्ञान में पहुंची तो हस्ताक्षर देखकर शक हुआ और मामले का खुलासा हुआ। मामले का पता लगते ही सनौली एसएचओ संदीप कुमार के ब्यान पर थानेदार राजपाल के खिलाफ 5 विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।