बिजली कर्मियों पर हमला करने के मामले में छह नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव तिहाड़ मलिक में बिजली चोरी पकड़ने गई सब डिवीजन फरमाणा की टीम पर लोहे की राड से हमला करने व मारपीट के मामले में छह आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीओ नीरज ग्रोवर ने मोहाना थाना में शिकायत दी कि निगम की टीम सोमवार को गांव तिहाड़ मलिक में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। टीम में सहायक फोरमैन, सुरेश, एएलएम सुरेंद्र, एपीआर विक्रम, सुनील व सुमित शामिल थे। वहां पर कई ग्रामीणों के घर चोरी की वीडियो बनाई गई थी। कुछ देर बाद बिजली चोरी करने वालों ने एकत्रित होकर टीम पर हमला कर दिया था। टीम से मोबाइल फोन छीनकर अपनी बिजली चोरी की वीडियो के साथ ही शुक्रवार व शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर बनाई गई बिजली चोरी की वीडियो भी डिलीट कर दी थी। एक व्यक्ति ने टीम सदस्य पर लोहे की राड से हमला किया। साथ ही अन्य सदस्यों से हाथापाई व मारपीट की गई थी। एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने अब ओम, कुलबीर, धोला, शीला, आनंद व धीरज आदि के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।