ससुराल जा रहे युवक को कैंटर ने कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव बैंयापुर के पास स्कूटी सवार युवक को कैंटर ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के मालवीय नगर का रहने वाला संदीप (27) सोमवार देर रात स्कूटी पर सवार होकर सोनीपत से गांव हरसाना कलां अपनी ससुराल जा रहा था। जब वह गांव बैंयापुर डिस्पेंसरी के पास पहुंचा तो इसी दौरान एक कैंटर ने उसे कुचल दिया। हादसे में वह बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे क सूचना के बाद उसका पिता बस्तीराम मौके पर पहुंचा और राहगीरों की मदद से संदीप को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बस्तीराम के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया : हादसे का शिकार हुए संदीप के तीन साल की बेटी जस्मीत है। सड़क हादसे में उसके सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
---
बैंयापुर के पास हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- दलबीर दांगी, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।