लाखों के आभूषण और नकदी ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
राई/सोनीपत। गांव राई में एक ही रात में चोरों ने तीन कालोनियों को निशाना बनाकर लाखों की नकदी और आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव राई निवासी संतराम ठेकेदार ने बताया कि वह राजेश त्यागी की कॉलोनी में रहता है। उसने बताया कि रात को कॉलोनी के लोग गर्मी के चलते छत पर सो रहे थे। इसी दौरान रात को चोर कॉलोनी में घुसकर दस कमरों से नकदी व आभूषण ले गए। चोर उसके कमरे से 10 हजार की नकदी व करीब 50 हजार के आभूषण, रामप्रकाश के कमरे से करीब 50 हजार रुपये व अन्य के कमरों से भी हजारों की नकदी व आभूषण ले गए। सुबह जब वह नीचे आए तो चोरी का पता लगा। जिस पर कॉलोनी मालिक राजेश त्यागी को अवगत कराया। वहीं चोरों ने रात को ही सिंटू त्यागी व राजबीर की कॉलोनी में भी कई कमरों से नकदी व आभूषण चोरी की है। रात को एक साथ कई कॉलोनियों को निशाना बनाए जाने से लोगों में रोष है। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों का पता लगाकर गिरफ्तार करने की मांग की है।