अमर उजाला ब्यूरो
राई (सोनीपत)। गांव शाहपुर की शाखा में कार्यरत डाकपाल (डाकिया) पर दो लाख 29 हजार रुपये के गबन का आरोप लगा है। मामले में डाक अधीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के दिन के रिमांड पर लिया गया है।
डाक अधीक्षक धर्मबीर सैनी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा था कि 8 जून 2017 से गांव शाहपुर की शाखा में कार्यरत डाकपाल गांव रेवली निवासी क्रांति सिंह बगैर सूचना के लापता है। जब 10 जून को डाक विभाग में कार्यरत रविंद्र सिंह वहां गए तो क्रांति सिंह नहीं मिला। डाकखाने में जांच करने पर पता लगा कि डाकघर खातों में जमा राशि में से दो लाख 29 हजार 277 रुपये कम हैं। उसने मामले से उन्हें अवगत कराया। जिस पर राशि के बारे में क्रांति सिंह के पिता से पूछताछ की गई तो उन्होंने भी कोई जानकारी नहीं दी। जांच में पता लगा कि क्रांति सिंह राशि का गबन करने के साथ ही रिकार्ड भी लेकर भाग गया है। जिस पर उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की गई। उसके बाद भी आरोपी नहीं लौटा और न ही उसने राशि जमा कराई। जिस पर पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार को आरोपी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया।
मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात को एएसआई रमेश कुमार की टीम ने आरोपी क्रांति सिंह को उनके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पहले अंबाला फिर पंजाब रहा आरोपी
आरोपी ने पुलिस को शुुरुआती पूछताछ में बताया कि वह जून, 2017 में नकदी लेकर भाग गया था। वह शुरुआत में अंबाला में रहा। वहां पकड़े जाने के भय से वह पंजाब भाग गया था। बाद में वह पंजाब में रहा। वह चोरी छिपे परिजनों से मिलने आया तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
डाकखाना से राशि का गबन करने के आरोपी डाकपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। जिससे गबन की राशि को बरामद किया जा सके।
रमेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना मुरथल।