केजीपी पर कार की टक्कर से ट्रक हेल्पर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
राई/सोनीपत। कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर गांव मनौली के पास कार ने ट्रक के हेल्पर को चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के बागपत शहर में कोर्ट रोड स्थित वार्ड-13 का रहने वाला सलीम अपने भाई फरीद खान के साथ ट्रक पर हेल्पर था। दोनों भाई ट्रक में सवार होकर शुक्रवार रात को बीसवां मील से ट्रक लेकर गाजियाबाद के लिए निकले थे। जब ट्रक केजीपी पर गांव मनौली के पास पहुंचा तो उन्हें टायर में कुछ गड़बड़ी लगी। जिस पर फरीद खान ने ट्रक रोक दिया। सलीम टॉयर देखने के लिए नीचे उतर आया। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने सलीम को अपनी चपेट में लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फरीद खन ने उसे राहगीरों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे खानपुर रेफर कर दिया। वहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।