स्कूल के बाहर से 12वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के जाहरी रोड स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल के बाहर छुट्टी के बाद बस चलने का इंतजार कर रही 12वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का प्रयास व पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र दो वर्ष पूर्व इसी स्कूल का छात्र था। आरोपी के पिता खेती किसानी का कार्य करते हैं।
सदर थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी जाहरी रोड स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है। वह स्कूल बस से ही गांव आती जाती है। वह वीरवार को भी स्कूल गई थी। वीरवार को करीब तीन बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह गेट के पास खड़ी थी। बस अन्य विद्यार्थियों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सेंट्रो कार सवार एक युवक आया उसकी बेटी को कहने लगा कि उससे बात करनी है। उसकी बेटी ने उससे बात करने से मना कर दिया। इस पर युवक ने उसकी बेटी का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन कार में डालने लगा। इस पर उसकी बेटी ने शोर मचा दिया। उसका शोर सुनकर स्कूल के चौकीदार बाहर की तरफ भागे और छात्रा को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराया। आरोपी वहां से फरार हो गया। इस दौरान उसकी बेटी का कोट भी फट गया। पुलिस ने व्यक्ति के बयान पर आरोपी अंकुश निवासी मेहंदीपुर के खिलाफ अपहरण का प्रयास व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी ने छात्रा को कहा स्कूल का पूर्व छात्र है वह
छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी को जब उसकी बेटी ने बातचीत से मना किया तो उसने कहा कि उसका नाम अंकुश है। वह इसी स्कूल का पूर्व छात्र है। उसके बाद भी उसकी बेटी ने उससे बातचीत को मना किया तो उसने अपहरण का प्रयास किया।
वर्जन
छात्रा के पिता ने स्कूल के गेट से उसकी बेटी का अपहरण करने का प्रयास किए जाने की शिकायत दी है। जिस पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
-दलबीर दांगी, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।