किसान गोहाना में एटीएम से पैसे निकालने आया था अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड लेकर पासवर्ड पूछने के साथ ही कार्ड बदल लिया। किसान के मोबाइल पर संदेश आया तो परिचित को दिखाने के बाद नकदी निकालने का पता लगा।
सोनीपत के गोहाना में फव्वारा चौक स्थित एटीएम से पैसे निकालने आए किसान को झांसे में लेकर एक व्यक्ति ने उसका डेबिट कार्ड ही बदल लिया। बाद में आरोपी ने उनसे पासवर्ड पता कर खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
गांव चिडाना के रहने वाले राज कपूर ने शहर थाना पुलिस को बताया कि वह किसान होने के साथ अशिक्षित है। वह बुधवार को शहर के फव्वारा चौक स्थित एटीएम से पैसे निकलवाने गया था। वह एटीएम में कार्ड लगाने लगा तो वहां एक व्यक्ति पहले से ही खड़ा था। उसने कहा कि एटीएम कार्ड से पैसे ऐसे नहीं निकलते।
उसने उससे एटीएम कार्ड ले लिया और पासवर्ड भी पूछ लिया। बाद में एटीएम खराब होने की बात कही। उस दौरान व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में उसके मोबाइल पर संदेश आया। उसने अपने परिचित को दिखाया तो पता चला कि खाते से 50 हजार रुपये निकाले गए हैं।
विज्ञापन
उसने अपनी जेब में रखा एटीएम कार्ड उसे दिखाया तो वह भी बदला हुआ मिला। तब उसे पता लगा कि एटीएम कार्ड बदलकर उस व्यक्ति ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।