गन्नौर में भरे बाजार ऑटो से महिला का 1.10 लाख रुपये रखा बैग लेकर दो युवक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। शहर के शिव पार्क के पास खड़े ऑटो में 1.10 लाख की नकदी से भरा बैग रखकर खरीदारी करने गई महिला का बैग दो युवक उठाकर फरार हो गए। युवकों ने पास ही अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। बैग उठाने के बाद वह बाइक लेकर भाग निकले। महिला ने उन्हें देखकर शोर भी मचाया, लेकिन वह रुके नहीं। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव सनपेड़ा निवासी इंद्रावती गांव के ही सरकारी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है। वह गांव में अपना मकान बना रही है। जिसके लिए वह मंगलवार को अपने बेटे सतीश के साथ शहर में बैंक से पैसे निकलवाने आई थी। उसने पीएनबी से एक लाख और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 10 हजार रुपये निकलवाए। इसके बाद इंद्रावती कुछ सामान की खरीदारी के लिए बाजार की तरफ चली गई। बाद में इंद्रावती गांव जाने के लिए शहर के शिव मंदिर पार्क के सामने खड़े एक ऑटो के पास आ गई। उसने नकदी से भरा बैग ऑटो में रख दिया। बाद में वह पास ही कुछ और सामान खरीदने लगी। इसी बीच पहले से ऑटो में बैठे दो युवक उसका बैग उठाकर भाग लिए। कुछ दूरी पर ही युवकों ने अपनी बाइक को खड़ा कर रखा था वह बाइक पर सवार होकर निकल गए। महिला ने जब युवकों को भागते देखा तो उनके हाथ में अपना बैग देखकर महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन युवक रुके नहीं। इसी बीच पहुंची पुलिस की गाड़ी ने चोरों का पीछा करना शुरू किया, लेकिन आगे जाम में गाड़ी फंस गई और चोर भाग निकले। पुलिस ने महिला के बयान पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज
गन्नौर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि सूचना मिली थी कि महिला बैंक से पैसे निकलवा कर आई थी। उसने पैसे से भरा अपना बैग ऑटो में रख दिया। इसी बीच दो युवक उसका बैग लेकर फरार हो गए। मामला दर्ज कर लिया है। युवकों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहा है। यह भी पता लगाया जाएगा कि युवक महिला का पीछा बैंक से तो नहीं कर रहे थे।