चरखी दादरी। घर से बाहर लघुशंका करने आए घिकाड़ा निवासी एक व्यक्ति की कनपटी पर पिस्तौल तानकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां सदर थाना पुलिस ने उसके बयान पर हमलावरों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में घिकाड़ा निवासी ओमबीर ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह लघुशंका करने घर से बाहर गली में आया था। उसने बताया कि इसी दौरान पांच-छह युवक डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और उस पर हमला बोल दिया। पुलिस एफआईआर के मुताबिक घायल ने बताया कि इसी दौरान एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उसे गोली मारने की धमकी भी दी। इस दौरान गली में शोरशराबा होने पर पड़ोसी बाहर आ गए और हमलावर युवक उसे घायलावस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने उसे संभाला और उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल ओमबीर के बयान दर्ज किए। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में हमलावरों पर आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।