उम्र का फर्जीवाड़ा कर बोस्टल जेल पहुंचा हत्या आरोपी, जांच कराने पर निकला बालिग
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। गांव बरोणा में कुख्यात बदमाश रवि उर्फ लांबा के पिता अतर सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने एक आरोपी को दिल्ली की किशोर कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। यहां लाने के बाद जब आरोपी के बारे में जांच कराई तो पता करने पर वह बालिग मिला। इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अतर सिंह हत्याकांड में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि गांव बरोणा निवासी अतर सिंह (52) की 8 जुलाई को सुबह गांव के बाहर तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय वह पशुचारा काटने के बाद बाइक पर सवार होकर घर की तरफ आ रहे थे। अतर सिंह को चार गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने उनके बेटे जोगेंद्र के बयान पर मुनिया गैंग पर हत्या व षड्यंत्र का मामला दर्ज किया था। जोगेंद्र ने गांव के ही मुनिया पर हत्या कराने का आरोप लगाया था। उसने कहा था कि मुनिया के भाई दिनेश की हत्या हो चुकी है। जिसमें उसके भाई रवि उर्फ लांबा पर हत्या का षड्यंत्र रचने का आरोप लगा था। उसका भाई फरीदाबाद जेल में बंद है। मुनिया ने उसके पिता की हत्या करवाई है। मामले में एसआईटी खरखौदा ने खरखौदा निवासी राहुल उर्फ मुसली व बवाना दिल्ली निवासी पवन उर्फ पौना तथा परमजीत उर्फ छोटा को षड्यंत्र रचने के आरोप में काबू किया था। पुलिस जांच में पता लगा था कि वारदात में नवीन शामिल है। अब खरखौदा पुलिस ने दिल्ली बोस्टल जेल में बंद मूलरूप से माहरा फिलहाल खरखौदा निवासी नवीन को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। वहां से लाने के बाद उसके बालिग होने का पता लगने पर उसे अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सके।
दिल्ली पुलिस ने चोरी के मामले में किया था गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि आरोपी को दिल्ली पुलिस ने चोरी के मामले में काबू किया था। बताया गया है कि वहां आरोपी ने आधार कार्ड दिया था। जिसमें वह नाबालिग था। जिसके चलते पुलिस ने बोस्टल जेल भेज में दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को प्रोडक्शन पर लाने के बाद जब उसकी आंगनबाड़ी में जन्मतिथि का पता लगाया तो आरोपी 18 वर्ष से अधिक आयु का मिला। जिसके बाद उसे कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है।
अतर सिंह हत्याकांड में एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर चार दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी के मामले में संलिप्तता का पता लगा था। जिसके बाद उसे रिमांड पर लिया है। जल्द ही अन्य मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
राजीव कुमार, थाना प्रभारी खरखौदा।