गोहाना। सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी सतीश राज देशवाल पर वीरवार तड़के दो हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना के समय वह बड़ौता के पास अपने आवास में सोए हुए थे। गोलियों की आवाज सुनकर वह उठकर कमरे से बाहर भागे। जानलेवा हमले में वह बाल-बाल बच गए। उन्होंने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। जिस पर एसएचओ संदीप कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे। सदर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो उन्हें मौके से खोल और एक कारतूस मिला है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
सुबह 4:48 बजे खिड़की से किया फायर
सतीश राज देशवाल सोनीपत लोकसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने गांव बड़ौता के पास अपना आवास व कार्यालय बना रखा है। बुधवार को चुनाव के बाद वह रात के समय आवास पर आकर सो गए। वीरवार सुबह 4 बजकर 48 मिनट पर किसी ने उनके कमरे की खिड़की से फायर कर दिया। अचानक गोली चलने की आवास सुनकर वह उठे और तुरंत कमरे से बाहर की तरफ भागे। उन्होंने घटना के बाद शोर मचा दिया। जिस पर उनके आवास व कार्यालय में मौजूद अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए।
घटना सीसीटीवी में हुई कैद
उन्होंने देखा तो उनके कमरे की खिड़की के पास सीढ़ी लगी थी, जहां से उन पर हमला हुआ था। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद जब आवास पर लगे सीसीटीवी की जांच की गई तो फुटेज में दो युवक भागते हुए दिखाई दिए। सूचना के बाद सदर थाना गोहाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने सतीशराज देशवाल के बयान पर दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
कमरे से दो खोल और एक कारतूस बरामद
मामले की सूचना के बाद पहुंची पुलिस व एफएसएल की टीम ने जांच की तो कमरे के अंदर से दो खोल और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम ने अन्य सबूत भी जुटाए हैं। बताया गया है तीन फायर किए गए हैं।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम, सीढ़ी साथ लेकर आए
कार्यालय इंचार्ज जयकिशन शर्मा ने बताया कि बदमाशों ने रेकी कर घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों को पहले से पता था कि सतीशराज देशवाल किस कमरे में सो रहे हैं। शक है कि वह पहले रैकी कर गए हैं। इतना ही नहीं बताया गया है कि खिड़की के पास जो सीढ़ी मिली है, वह बदमाश अपने साथ लेकर आए थे। बदमाश जिस सीढ़ी को लेकर आए हैं उसे आसानी से फोल्ड किया जा सकता है। घटनास्थल के पास एक चप्पल भी पड़ी मिली हैं।
तीन दिन पहले काफिले की गाड़ी पर हुआ था हमला
सतीशराज देशवाल पर हमला किए जाने से तीन दिन पहले ही उनके काफिले पर हमला किया गया था। सोनीपत में ट्रक यूनियन के निकट उनके काफिले की गाड़ी को एक गाड़ी चालक ने टक्कर मार दी थी। दूसरी कार सवार युवक कार छोड़कर फरार हो गए थे। उस कार में लाठियां व डंडे भी मिले थे।
हेलमेट पहनकर आए थे हमलावर, भागते हुए एक ही पिस्तौल गिरी
हमलावरों ने गले में कपड़ा डालने के साथ ही सिर पर हेलमेट लगा रखा था। हमलावर वारदात का अंजाम देकर भागते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हैं। सिर पर हेमलेट होने के चलते उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मौके से भागते हुए हमलावर के हाथ से पिस्तौल भी गिर गई थी। जिसे वह फिर से उठाकर भाग गया। वह पिस्तौल उठाते सीसीटीवी में दिख रहा है।
सतीश राज देशवाल ने दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर दो खोल व एक कारतूस बरामद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के अलावा मौके से बरामद सीढ़ी को कब्जे में लिया गया हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। -संदीप कुमार, एसएचओ, सदर थाना गोहाना।