अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के सेक्टर-15 की मार्केट में शनिवार रात युवक को चाकू मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने दो युवकों का नामजद किया है। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही हमलावरों का सुराग लगाने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। वहीं युवक के परिजनों ने सामान्य अस्पताल में रोष जताकर जल्द हमलावरों की तलाश करने की मांग की है।
बता दें कि राजीव कॉलोनी निवासी रवि दहिया शनिवार रात को किसी काम से सेक्टर-15 मार्केट में आया था। इसी दौरान गांव रायपुर निवासी विशाल उर्फ विक्की व अजय ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया था। जिससे युवक बुरी तरह से घायल हो गया था। हमले के बाद युवक बाइक पर सवार होकर भाग गए थे। रवि दहिया को सामान्य अस्पताल में ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले की सूचना के बाद एसएचओ अनिरुद्ध व सेक्टर-15 चौकी प्रभारी जयप्रकाश ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया था।
पुलिस ने मामले में रवि दहिया क साथी गांव शाहपुर निवासी नितेश के बयान पर विशाल व अजय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हत्या का कारण कुछ दिन पहले गांव कुमासपुर में लगे मेले में उनकी हमलावरों से हुई कहासुनी बताई गई है। पुलिस ने रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने हमलावरों का पता लगाने के लिए तीन टीमों का गठन किया है।
परिजनों ने जताया रोष
युवक का शव लेने के पहुंचे सामान्य अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने रोष जताया। उन्होंने पुलिस से हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। हमलावरों की पहचान होने के बावजूद पुलिस उन्हें काबू नहीं कर सकी। वह शहर से हथियार लहराते हुए भाग गए। पुलिस चौकी नजदीक होने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई। युवक की हत्या की वारदात पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसकी फुटेज लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हत्या के मामले में दो को नामजद किया गया है। तीन टीम बनकर हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार करेगी। सीसीटीवी फुटेज ले ली गई है। -अनिरुद्ध चौहान, थाना प्रभारी सिविल लाइन।