चौलका-सिलाना मार्ग पर गांव खांडा के पास खेत में एक युवक का अधजला शव मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अंदेशा है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद उसके शव को यहां लाकर जलाया गया है। उसका एक हाथ व पेट तथा सीने का काफी हिस्सा भी गायब मिला है। पुलिस ने ग्रामीण के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव खांडा निवासी सत्यप्रकाश ने बताया कि वह रविवार को अपने खेतों की तरफ जा रहा था। जब वह ग्रामीण लक्ष्मीनारायण के खेत के पास पहुंचा तो उसे युवक अधजली हालत में पड़ा दिखा। उसने देखा कि युवक कोे बाजरे की सूखी पुआल डालकर जलाया गया था। युवक का बांई तरफ का हाथ भी गायब मिला। उसने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची खरखौदा थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर लोगों से पूछताछ की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने सत्यप्रकाश के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज किया है।
शरीर के अंग गायब मिलने से कहीं और हत्या का अंदेशा
पुलिस ने जिस युवक का शव बरामद किया है, उसके शरीर के कई अंग गायब मिले हैं। युवक का जहां बायां हाथ गायब मिला है, वहीं उसके पेट व सीने के पास भी काफी हिस्सा नहीं है। इससे अंदेशा है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में यहां लाकर जलाने का प्रयास किया गया।
गांव खांडा के पास खेत में युवक का शव मिला है। युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर यहां जलाने का प्रयास किया गया है। अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
वीरेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी, खरखौदा।