युवती ने जहर खाकर जान दी, दो युवकों पर आत्महत्या को विवश करने का केस
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की रहने वाली युवती ने आरओ प्लांट बेचने के बाद उसके पूरे रुपये नहीं मिलने से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने युवती की मां के बयान पर आरओ प्लांट खरीदने वाले दोनों युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से महम रोड गोहाना फिलहाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सोनीपत निवासी पूजा (24) ने मंगलवार को जहर खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पूजा को परिजनों ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत बिगड़ने पर रेफर कर दिया गया। जहां से परिजन उसे दूसरे अस्पताल में ले गए थे। वहां पर उपचार के दौरान बुधवार को युवती ने दम तोड़ दिया। युवती की मां सुनीता ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वीरवार को पोस्टमार्टम कराया। युवती की मां ने गांव सेहरी खांडा निवासी आशु व टीनू के खिलाफ उसकी बेटी को आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरओ प्लांट के पैसे नहीं मिलने पर की आत्महत्या
सुनीता ने पुलिस को बताया कि वह एक अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करती है। उसकी बेटी पूजा ने उसका हाथ बंटाने के लिए गांव बड़वासनी में आरओ प्लांट लगाया था। उनका आरओ प्लांट नहीं चल सका तो उसने सेहरी खांडा निवासी टीनू व आशु को वह प्लांट एक लाख रुपये में बेच दिया था। युवकों ने उसकी बेटी को साढ़े 17 हजार रुपये दिए थे। बाकी साढ़े 82 हजार रुपये बकाया थे। उसकी बेटी ने कई बार युवकों से पैसे देने की मांग की थी। उसके बाद भी वह पैसे नहीं दे रहे थे। जिससे उसकी बेटी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। उसकी बेटी ने उसे बताया भी था कि वह पैसे नहीं मिलने से परेशान है। अब उसकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है।
---
युवती ने जहर खाकर जान दी है। युवती की मां का आरोप है कि उसकी बेटी ने अपना आरओ प्लांट दो युवकों को बेचा था। जिसके बदले वह उसे पैसे नहीं दे रहे थे। इसी कारण परेशान होकर उसने जहर खा लिया था। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जगदीश सिंह, जांच अधिकारी, गीता भवन चौकी, सोनीपत।