जबरन कार रुकवाकर घुसे युवक, दी धमकी
-दो युवकों ने साई सेंटर के पास दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
राई। जीटी रोड पर गांव बहालगढ़ स्थित साई सेंटर के पास दिल्ली से पंचकूला जा रहे परिवार की कार को जबरन रोककर दो युवक कार में घुस गए। युवकों ने परिवार के सदस्यों को मारने की धमकी देकर उनके फैक्टरी के मामले को निपटाने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली के अशोक विहार निवासी आशिम गुप्ता ने बताया कि वह शनिवार को अपने परिवार के साथ पंचकूला काम से जा रहा था। जब बहालगढ़ साई स्टेडियम के पास पहुंचे तो अचानक उसकी कार को दो युवकों ने रोक लिया। उसके कार रोकते ही दो युवक जबरन गाड़ी में घुस गए। उन्होंने कार के अंदर घुसकर कहा कि अरविंद कुमार ने उनकी कार का नंबर दिया है। उन्होंने फैक्टरी वाले मामले को निपटाने की धमकी दी। साथ ही कहा कि अगर फैक्टरी का मामला नहीं निपटाया तो परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा। बाद में दोनों युवक भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।